मिर्जापुर जिले के रैपुरिया गांव और पड़री थाना क्षेत्र के हिनौता सागर सेमर बंधा के पास मंगलवार को बिजली गिरने से बालिका समेत दो की मौत हो गई। अदलहाट थाना के रैपुरिया गावं निवासी विजय पटेल की नौ वर्षीय पुत्री सुहानी पटेल घर के पास अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी।
इस बीच दोपहर दो बजे बारिश के दौरान बिजली गिरी और इसकी चपेट में आने से सुहानी झुलस गई। लोग उसे चिकित्सक के पास ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया।
वहीं वाराणसी के रामनगर के सुजाबाद पड़ाव निवासी रामविलास (30) पड़री थाना क्षेत्र के हिनौता सागर सेमर बंधा के पास नाव से मछली मार रहा था। इस दौरान दोपहर में बारिश के दौरान बिजली गिरने से वह उसकी चपेट में आ गया। किनारे खड़े साथियों ने उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पड़री पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।