तहसील के लेखपालों ने शनिवार को आठ सूत्री मांगों के समर्थन में काली पट्टी बांधकर काम किया। फूलपुर, सिंधोरा और बड़ागांव थाने में आयोजित संपूर्ण थाना दिवस में भी लेखपाल काली पट्टी बांधकर शामिल हुए। लेखपालों ने मांगों पर सरकार के गंभीरता से विचार नहीं करने पर 17 अक्तूबर से संपूर्ण कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी।
लेखपाल संघ के आह्वान पर लेखपाल आठ अक्तूबर से ऑनलाइन कार्यों का बहिष्कार कर रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को थाना दिवस में भी काली पट्टी बांधकर अपनी मांगों के प्रति शासन का ध्यान आकर्षित किया। लेखपाल संघ के तहसील अध्यक्ष राजेश कुमार और उपमंत्री कपीश तिवारी ने बताया कि संघ की ओर से आठ सूत्री मांगों को लेकर लगातार विरोध किया जा रहा है। यदि सरकार ने मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया तो 17 अक्तूबर से लेखपाल संपूर्ण कार्य बहिष्कार करने को बाध्य होंगे।