सारनाथ डब्ल्यूटीपी (वाटर ट्रीटमेंट प्लांट) की पाइप लाइन में लीकेज होने से वरुणा पार की जलापूर्ति पर असर पड़ता है। यहां अक्सर प्रेशर बढ़ाने पर पेयजल पाइप लाइनों में लीकेज का खतरा रहता है। पिछले दिनों इसकी मरम्मत के लिए दो दिन के लिए जलापूर्ति बाधित रही। काफी मशक्कत के बाद मरम्मत का कार्य पूरा कराया गया। वरुणा पार इलाके में प्रेशर न होने से कई इलाकों में पानी नहीं पहुंचता है। खासकर हुकुलगंज, नई बस्ती, बघवानाला और दैत्राबीर बाबा मंदिर के आसपास के इलाकों में पानी का प्रेशर कम होता है। इसके लिए पिछले दिनों यहां के पार्षद बृजेश चंद्र श्रीवास्तव ने सदन में यह मामला उठाया था। जिसके बाद इसे ठीक कराया गया। इस समय बाढ़ के दौरान पानी में मटमैलापन अधिक है। जिसे साफ कराने के लिए अधिक क्लोरिनेशन करनी पड़ती है। पाइप लाइन में लीकेज के खतरे के कारण प्रेशर धीरे-धीरे बढ़ाया जाता है। जलकल के सचिव रामऔतार ने बताया कि सारनाथ डब्ल्यूटीपी से जुड़ी पाइप लाइन की मरम्मत करा दी गई है। इसके बाद यहां की सभी समस्याओं का समाधान हो गया है। मरम्मत के दौरान केवल एक समय पर जलापूर्ति बाधित रही। बाकी एक समय पर जलापूर्ति की गई। जरूरत पड़ने पर वाटर टैंकर भी इलाकों में भेजा जाता है।