Varanasi News: वाराणसी में चौकाघाट फ्लाईओवर पर प्रतिबंधित चीनी मांझा से अधिवक्ता का गला और अंगुली कट गया। जिससे वह घायल हो गए। दर्द से कराहते हुए वे मंडलीय अस्पताल में पहुंचे और उपचार कराया।
वाराणसी जिले में चौकाघाट फ्लाईओवर पर रविवार को प्रतिबंधित जानलेवा चीनी मांझा की चपेट में आने से एक अधिवक्ता का गला और अंगुली कट गई। घायल अधिवक्ता ने मंडलीय अस्पताल में अपना इलाज कराया।
विज्ञापन
इनकम टैक्स बार एसोसिएशन के पूर्व पदाधिकारी अधिवक्ता कैलाश नाथ सेठ दारानगर स्थित अपने घर से बाइक से खजुरी जा रहे थे। अधिवक्ता ने बताया कि चौकाघाट फ्लाईओवर पर पहुंचने पर उनका गला चीनी मांझा की चपेट में आकर कट गया। चीनी मांझा से बचने के चक्कर में उनके दाएं हाथ की अंगुली भी कट गई। दर्द से कराहते हुए वह मंडलीय अस्पताल गए।
डॉक्टर ने उनके गले और अंगुली में टांका लगाया। इसके बाद दवा लेकर वह किसी तरह से घर पहुंचे। उधर, इसे लेकर बनारस बार एसोसिएशन के पूर्व महामंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि जिला पुलिस और प्रशासन के ढुलमुल रवैये के कारण चीनी मांझा बिक रहा है। जल्द ही इसकी बिक्री के खिलाफ इलाहाबाद हाईकोर्ट में जनहित याचिका दाखिल की जाएगी।