- वेबसाइट पर जारी हुए नोटिफिकेशन में खेल वैज्ञानिक प्रो. एनबी शुक्ला का नाम
- 90 दिनों में 30 कॉन्फ्रेंस, विभागों को निर्देश- इन तारीखों पर न करें कोई कार्यक्रम
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। बीएचयू में दिवंगत प्रोफेसर को कागज पर कार्यक्रम का आयोजक बना दिया गया है। प्रोफेसर के निधन को 10 महीने से ज्यादा समय हो गया है लेकिन उनके कार्यक्रमों की सूची अब तक अपडेट नहीं हो पाई है। बीएचयू की आधिकारिक वेबसाइट पर सात दिसंबर को रजिस्ट्रार विकास कार्यालय की ओर से दिसंबर 2024 से लेकर अप्रैल 2026 तक होने वाले नेशनल और इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस की सूची जारी की गई है।
इसमें बताया गया है कि 7-8 दिसंबर को योगिक वे ऑफ होलिस्टिक हेल्थ एंड वेलनेस थीम पर दो दिवसीय कार्यक्रम होगा। इसके आयोजक कला संकाय में सीएचसी एथलेटिक्स एसोसिएशन के प्रो. एनबी शुक्ला होंगे। जबकि, प्रो. शुक्ला आज इस दुनिया में नहीं हैं। 53 साल की उम्र में उनकी मौत हो गई थी। कला संकाय के फिजिकल एंड स्पोर्ट्स एजुकेशन में प्रोफेसर थे। उन्हें खेल वैज्ञानिक भी कहा जाता था। हर साल योग और खेल मुद्दों पर सेमिनार कराते थे।
-
दिसंबर में 14 कॉन्फ्रेंस, आवास और परिवहन की होगी दिक्कत
बीएचयू द्वारा जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, बीएचयू में अगले 90 दिनों में कुल 30 नेशनल और इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस होंगे। दिसंबर में 14 कॉन्फ्रेंस, जनवरी और फरवरी में सात कॉन्फ्रेंस आयोजित होंगे। वहीं, 11 कॉन्फ्रेंस ऐसे हैं जो कि पहली बार आयोजित किए जा रहे हैं। इसमें बताया गया है कि इन तारीखों में नेशनल, इंटरनेशनल, सेमिनार और कार्यशालाएं कराईं जा रहीं हैं। ऐसे में दूसरे विभागों को सूचित किया जाता है कि इन तिथियों पर कार्यक्रम आयोजित न करें। नहीं तो बीएचयू में ठहरने के लिए आवास और परिवहन की समस्या होगी। जनवरी में नौ दिन और फरवरी में एक भी दिन ऐसा नहीं है कि कॉन्फ्रेंस न हो।