डेरा सच्चखंड बल्लां के संत निरंजन दास महाराज के साथ वह संत रविदास की निशानी के तौर पर मंदिर के भूतल में सहेज कर रखी गई कठौती का भी दर्शन कर सकते हैं। प्रधानमंत्री 20 मिनट तक मंदिर में रहेंगे। रविदासियों के तीर्थ में हाजिरी लगाने वाले मोदी देश के पहले प्रधानमंत्री होंगे। रविवार रात 10ः21 बजे पीएम के बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचने की खबर पर संत के अनुयायियों का उत्साह चौगुना हो गया और वे झूम उठे।
माघ पूर्णिमा पर सोमवार को संत रविदास का 639वां जयंती पर्व ऐतिहासिक क्षणों से गुजरेगा। प्रधानमंत्री के आने पर संत रविदास जन्म स्थान पब्लिक चैरिटेबल ट्रस्ट के चेयरमैन संत निरंजन दास महाराज ने खुशी जाहिर की है। मंदिर से लेकर मेला क्षेत्र तक देश के कोने-कोने से लाखों की तादाद में उमड़े गुरु रविदास के अनुयायियों में जबरदस्त उत्साह है। प्रधानमंत्री सुबह 10:30 बजे बीएचयू हेलीपैड से सड़क मार्ग से सीर गेट होते हुए संत रविदास मंदिर पहुंचेंगे। इस दौरान डेरा सच्च खंड बल्लां से आए पांच शास्त्रीय संगीत के कलाकार सबद-कीर्तन प्रस्तुत करेंगे। पब्लिक चैरिटेबल ट्रस्ट के जनरल सेक्रेटरी सत्यपाल बिरदी ने बताया कि सबद-कीर्तन सुनने और लंगर छकने के बाद प्रधानमंत्री को जयंती समारोह में ले जाने का आग्रह किया जाएगा।