हज की ख्वाहिश रखने वालों के लिए राहत की खबर है। हजयात्रा 2017 के आवेदन की तिथि 24 जनवरी से बढ़ाकर छह फरवरी कर दी गई है। 24 जनवरी को मुंबई में हुई सेंट्रल हज कमेटी की बैठक में अंतिम तिथि बढ़ाई गई है।
कई लोगों ने पासपोर्ट के लिए आवेदन किया था। जिनके पासपोर्ट अब तक नहीं मिल पाए थे, वो इस फैसले से काफी खुश हैं। हज कमेटी ऑफ इंडिया के सदस्य डॉ. इफ्तेखार अहमद जावेद ने बताया कि हज के लिए अब लोग छह फरवरी तक ऑनलाइन या ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं।
छह फरवरी तक जारी पासपोर्ट मान्य होंगे। अब तक पूर्वांचल भर से करीब छह हजार से अधिक लोगों ने आवेदन किया है। इसमें बनारस से करीब दो हजार से अधिक लोग हैं।
इस बार हज का कोटा बढ़ने से इस साल ज्यादा लोगों की हज की ख्वाहिश पूरी होगी। वहीं प्रदेश भर से अब तक करीब 27 हजार आवेदन फार्म लखनऊ जमा किए जा चुके हैं।
पूर्वांचल हज सेवा समिति की ओर से बनारस में 15 जगहों पर फार्म भरने के लिए शिविर लगाए गए हैं। हजयात्रा-2017 के लिए बीते चार जनवरी से आवेदन शुरू है। इस बार पूर्वांचल की 4200 सीटों के लिए छह हजार लोगों ने आवेदन किया है।