जौनपुर का ललित और सोनभद्र का अनुराग प्रयागराज टीईटी पेपर में सॉल्वर गिरोह का भंड़ाफोड़ करते हुए यूपी एसटीएफ ने रविवार को जौनपुर के ललित कुमार यादव और सोनभद्र के अनुराग कश्यप को प्रयागराज से गिरफ्तार किया। ललित अभ्यर्थी तो वहीं अनुराग दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने पहुंचा था। वहीं बनारस के सोनू कुमार की तलाश एसटीएफ कर रही है।
एसटीएफ प्रयागराज इकाई के अनुसार प्रयागराज के झूंसी न्याय नगर स्थित डीएनएमएस गर्ल्स इंटर कालेज केंद्र पर सुबह की प्रथम पाली में सोनभद्र चोपन के दल्ला नई बस्ती निवासी अनुराग कश्यप को गिरफ्तार किया गया। यह शंकरगढ़ के रहने वाले अजय सिंह पटेल के कहने पर ढाई लाख रुपये के लिए सॉल्वर बनकर परीक्षा देने पहुंचा था। एसटीएफ उसके मोबाइल को कब्जे में लेकर व्हाट्सएप चैट और सीडीआर के जरिए अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी को दबिश दे रही है।
वहीं एसटीएफ लखनऊ इकाई ने प्रयागराज झलवा स्थित सरोजनी देवी गर्ल्स इंटर कालेज में अभ्यर्थी ललित कुमार के स्थान पर सॉल्वर बनकर परीक्षा दे रहे बिहार नालंदा निवासी रंजय कुमार को पकड़ा। इसी बीच परीक्षा केंद्र के बाहर से ललित यादव को गिरफ्तार किया गया। जौनपुर के पवारा थाना अंतर्गत उमरगंज के रहने वाले ललित यादव के प्रथम पाली की परीक्षा बिहार नालंदा निवासी बिट्टू सिंह ने दिया था, जिसकी एसटीएफ को तलाश है। एटीएफ की पूछताछ में आरोपी ललित ने बताया कि द्वितीय पाली की परीक्षा के लिए रंजय के खाते में 40 हजार रुपये ट्रांसफर किया था।