लहरतारा और चांदपुर चौराहा पर गुरुवार की शाम भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा लेकिन डेढ़ घंटे तक लोग जाम से जूझते रहे। इसी तरह भदऊ डॉट पुल के नीचे दोपहर में एक मालवाहक का गुल्ला टूट गया तो कज्जाकपुरा तक राहगीर घंटों जाम में फंसे रहे।
इस दौरान स्कूली बसों में मौजूद बच्चों, एंबुलेंस सवार मरीजों सहित राहगीरों को खासी परेशानियां हुई लेकिन उनकी व्यथा सुनने के लिए पुलिस नहीं दिखी।
शहर की खस्ताहाल सड़कों, खुदाई और जलभराव के कारण रोजाना अलग-अलग इलाकों में जाम लगना आम बात है।
मगर, पुलिस की मौजूदगी के बीच भी लहरतारा चौराहा से चांदपुर चौराहा के बीच डेढ़ घंटे तक जाम लगना राहगीरों और इलाकाई लोगों को खल गया।
एसपी ट्रैफिक और मंडुवाडीह थानाध्यक्ष को जानकारी मिली तो डांट फटकार के बाद लहरतारा और चांदपुर चौराहे पर तैनात पुलिसकर्मी सक्रिय हुए और किसी तरह से जाम खुला।
इसी तरह मंडुवाडीह चौराहा, भिखारीपुर तिराहा, लंका चौराहा, कमच्छा, सिगरा, कैंट रेलवे स्टेशन से अंधरापुल तक, लहुराबीर, नई सड़क, गौदालिया से मैदागिन, अर्दली बाजार, पांडेयपुर चौराहा सहित शहर के अन्य इलाकाें में भी रुक-रुक कर जाम लगता रहा और राहगीर परेशान होते रहे।