आजमगढ़। बदमाश अखंड प्रताप सिंह के बाद शासन के निर्देश पर डी 11 गिरोह के सरगना ध्रुव कुमार सिंह कुंटू को भी कासगंज जेल स्थानांतरित कर दिया गया। शासन के निर्देश आने के बाद देर शाम छह बजे के आसपास कड़ी सुरक्षा के बीच उसे कासगंज भेजा गया।
पूर्व विधायक सर्वेश सिंह सीपू हत्याकांड समेत कई मामलों में मंडलीय कारागार में निरुद्ध ध्रुव कुमार कुंटू को भी आज़मगढ़ से दूसरी जेल स्थानांतरित कर दिया गया है। कुंटू का नाम राजधानी में पिछले दिनों हुए अजीत सिंह हत्याकांड में आने के बाद शासन की नजर उस पर थी। अजीत सिंह हत्याकांड में ध्रुव कुमार सिंह, अखंड प्रताप और गिरधारी को मुख्य आरोपी बनाया गया था। इसमें कुंटू और अखंड आजमगढ़ जिला जेल में बंद थे। अखंड को कुछ दिनों पहले बरेली जेल स्थानांतरित किया जा चुका है। इसके बाद से ही कुंटू को भी दूसरी जेल भेजे जाने के आसार थे। अजीत हत्याकांड की विवेचना के दौरान सामने आया था कि हत्याकांड की पूरी साजिश आजमगढ़ जिला जेल में ही रची गई थी। इसको लेकर जेल के तत्कालीन वरिष्ठ जेल अधीक्षक को भी मुख्यालय से अटैच किया जा चुका है। कुंटू के स्थानांतरण की जेल सूत्रों ने पुष्टि की है। एसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कुंटू को दूसरी जेल भेजने के लिए शासन को पत्र भेजा गया था। रविवार को शासन का निर्देश मिलते हैं उसे कासगंज रवाना कर दिया गया।