काशी नरेश अनंत नारायण (फाइल फोटो)।
- फोटो : अमर उजाला
जान का खतरा बताने वाले काशीराज परिवार के अंनत नारायण सिंह के आरोपों को बहनों ने रविवार को सिरे नकार दिया। बहन राजकुमारी कृष्ण प्रिया ने कहा कि राजा को भ्रमित करने वाले कुछ रिश्तेदारों व चाटुकारों की चाल है कि उन्हें अब अपनी बहनों से भय हो गया। रामनगर में मीडिया से बातचीत के दौरान राजकुमारी कृष्ण प्रिया ने कहा कि हम बहनें तो हमेशा से राजा की सलामती की ईश्वर से कामना करती आ रही हैं।
चाटुकारों के चढ़ाने पर ही राजा ने डीएम-एसएसपी को पत्र लिखकर जान का खतरा बताया है। हालांकि राजकुमारी कृष्णप्रिया ने कहा कि पूर्व से ही हमारे बीच उपजे विवाद के मामले का मुकदमा न्यायालय में चल रहा है।
राजकुमारी ने यह भी कहा कि वर्ष 2011 में बेटे की शादी के समय कुंवर ने किले में हमारे रहने वाले हिस्से को गिरा दिया था, जिससे विवाद हो गया था। उन्होंने बताया कि उसी वर्ष कुंवर द्वारा संपत्ति के विवाद का मामला सिविल न्यायालय में दाखिल किया गया था। 10 नवंबर को कुंवर अनंत नारायण सिंह ने बहनों से खतरा होने की बात लिखकर जिला प्रशासन से जानमाल के रक्षा की गुहार लगाई थी।