पिंडरा। ताड़ी बाजार के पीछे स्थित टीले पर सोमवार की शाम एक 15 वर्षीय एक किशोरी अर्धचेतना की हालत में मिली। किशोरी के अनुसार उसका हाथ, पैर बांधने के साथ ही होंठ और आंख को भी फेवीक्विक से चिपकाया गया था। सूचना पाकर फूलपुर थाने की पुलिस किशोरी को मेडिकल मुआयना के लिए मंडलीय अस्पताल ले गई है।
बड़ागांव थाना अंतर्गत काजीसराय इलाके की किशोरी सोमवार की शाम ताड़ी बाजार के पीछे अनेई मार्ग पर स्थित एक टीले के पास ग्रामीणों को मिली। उसके हाथ और पैर को रस्सी से बांधने के बाद फेवीक्विक से चिपका दिया गया था। यही नही उसके होंठ और आंख को भी फेवीक्विक से चिपकाने के बाद कपड़े से मुंह बांध दिया गया था। ग्रामीण शौच के लिए जब टीले की तरफ गए तो किशोरी को गांव लाए और गर्म पानी डालकर फेवीक्विक हटाया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे चौकी इंचार्ज कठिराव संग्राम सिंह यादव ने किशोरी को लेकर पीएचसी पिंडरा पहुंचे और मेडिकल मुआयना कराया। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. एचसी मौर्य ने बताया कि किशोरी के साथ दुष्कर्म की घटना नहीं हुई है। वहीं ग्रामीणों के अनुसार किशोरी तीन बजे से ही ताड़ी बाजार में टहल रही थी और उसे ताड़ी-अनेई मार्ग पर अकेले जाते देखा था। उधर किशोरी का कहना था कि वह घर से एक फार्म भरने जा रही थी। उसे रास्ते में दो युवक और युवतियां मिले। सभी उसे एक कार में जबरन ले जाकर हाथ-पैर बांध कर फेवीक्विक से होंठ और आंख चिपका कर फिर धकेल कर भाग गए। इस संबंध में सीओ पिंडरा अभिषेक कुमार पांडेय ने बताया कि किशोरी बार-बार बयान बदल रही है। इस वजह से कुछ स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। फिलहाल उसे मेडिकल मुआयना के लिए परिजनों के साथ मंडलीय अस्पताल भेजा गया है। मेडिकल रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।