फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अपहरण कर छात्र की हत्या, शव गंगा में फेंका

Tue, 04 Apr 2017 02:00 AM IST
ब्यूरो, अमर उजाला/वाराणसी
विज्ञापन
छात्र आकाश कुमार
विज्ञापन
लंका थाना के डाफी क्षेत्र की द्वारिकापुरम कॉलोनी से अपहृत इंटरमीडिएट के छात्र आकाश कुमार (17) का शव सोमवार को भीटी स्थित निर्माणाधीन टर्मिनल के समीप गंगा में उतराया मिला। पुलिस शव को बीएचयू पोस्टमार्टम हाउस ले गई। सूचना पाकर आकाश के परिवारीजन वहां पहुंचे और आकाश की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए लंका पुलिस को कसूरवार ठहराया। कहा कि पुलिस तत्परता दिखाती तो शायद आकाश बच जाता। उन्होंने इस मामले में चार नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही लंका थाने के पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई की मांग की। नामजद आरोपियों में जौनपुर के बरसठी थाने में तैनात एक कांस्टेबल भी शामिल है।
विज्ञापन


पोस्टमार्टम के बाद आकाश का शव बीएचयू मोर्चरी में रखवा दिया गया। मंगलवार को उसके पिता सुरेश चंद्र निषाद के मस्कट से यहां आने पर अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस मामले में पुलिस तीन को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। सुरक्षा के मद्देनजर आकाश के घर पर पांच दरोगा और पांच सिपाही तैनात किए गए हैं। वहीं, लापरवाही बरतने के आरोप में एसएसपी ने रमना पुलिस चौकी प्रभारी विश्वनाथ प्रताप सिंह को लाइन हाजिर कर दिया है।

मूल रूप से गाजीपुर के औड़िहार निवासी सुरेश चंद्र निषाद ने डाफी की द्वारिकापुरम कॉलोनी में मकान बनवाया है। सुरेश मस्कट में एक कंपनी में सिविल ऑपरेटर हैं। यहां उनकी पत्नी कुसुमलता और बेटा आकाश व आदेश रहते थे। आकाश ग्लोरियस एकेडमी डाफी में 12वीं का छात्र था। 31 मार्च की शाम आकाश घर से अंडा खाने की बात कहकर पैदल ही बाहर निकला और फिर वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद भी जब वह नहीं मिला तो परिवारीजन डाफी पुलिस चौकी पहुंचे। मां कुसुमलता ने बताया कि डाफी चौकी के पुलिसकर्मियों ने उन्हें लंका थाने भेज दिया। 31 मार्च को लंका थाने में भी सुनवाई नहीं हुई। हालांकि अगले दिन पुलिस ने कुसुमलता को बुलाकर पड़ोसी जौनपुर के बरसठी थाने पर तैनात कांस्टेबल रामगोपाल यादव, लक्ष्मीकांत, विनोद, श्याम और दो अज्ञात के खिलाफ अपहरण सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज कर लिया। 
विज्ञापन


उधर, सोमवार को मल्लाहों से शव मिलने की सूचना पर पुलिस ने शिनाख्त कराई तो पता चला कि यह आकाश का शव है। पोस्टमार्टम हाउस में परिवारीजनों ने देखा कि आकाश के शरीर पर फफोले पड़े हुए थे और उसके गले पर जख्म था। घरवालों ने पुलिस को जमकर खरीखोटी सुनाई। मामले को तूल पकड़ता देख एसपी सिटी राजेश यादव, भेलूपुर सीओ राजेश श्रीवास्तव और लंका, भेलूपुर, मंडुवाडीह थाने की फोर्स मौके पर पहुंची। एसपी सिटी ने कहा कि मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही स्पष्ट होगी। मगर, जिनके भी खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज हुआ है वे बच नहीं पाएंगे। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लंका और रामनगर थाने की संयुक्त टीम गठित की गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें