वाराणसी। नदेसर घौसाबाद निवासी प्रिंस विश्वकर्मा उर्फ बाबू (30) ने रविवार की रात अपने घर के बेसमेंट में स्थित कमरे में फांसी लगाकर जान दी। सूचना पाकर कैंट थाने की पुलिस अग्रिम कार्रवाई में जुटी हुई थी। स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रिंस ने क्षेत्र के ही कुछ लोगों से ब्याज पर पैसा उधार ले रखा था। उनके रोज-रोज के तगादे और दुर्व्यवहार से आजिज आकर उसने फांसी लगाकर जान दे दी। प्रिंस के आत्मघाती कदम के बाद उसकी मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल था।
कैंट थाना अंतर्गत नदेसर घौसाबाद निवासी प्रिंस अपने घर के बेसमेंट में खराद और वेल्डिंग का काम करता था। देर शाम बिजली गुल थी, उसी दौरान वह अपने बेसमेंट में पीछे बने कमरे में गया और फंदे के सहारे झूल गया। विद्युत आपूर्ति बहाल हुई तो प्रिंस की मां मंजू बेटे को खोजते हुए बेसमेंट में बने कमरे की ओर गई। पीछे के कमरे में जाने पर उन्होंने प्रिंस को फंदे से लटके हुए देखा तो उनके मुंह से चीख निकल गई। चीख सुनकर आसपास के लोग भाग कर मौके पर आए। आननफानन उसे समीप के अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। दो बहनों के इकलौते भाई प्रिंस के पिता की पहले ही मौत हो चुकी है।