खेलो इंडिया ट्रायबल गेम्स 2026 में उत्तर प्रदेश की पुरुष एवं महिला टीमों के चयन के लिए 13 जनवरी से वाराणसी में प्रदेश स्तरीय चयन ट्रायल होगा। सोमवार को क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी विमला सिंह ने बताया कि चयन प्रक्रिया भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) की ओर से निर्धारित चयन समिति की देखरेख में संपन्न होगी।
खेलो इंडिया ट्रायबल गेम्स का आयोजन छत्तीसगढ़ में होगा। इसमें तीरंदाजी, एथलेटिक्स, फुटबॉल, हॉकी, तैराकी, भारोत्तोलन और कुश्ती समेत सात खेलों में स्पधाZ होगी। चयन ट्रायल्स ओपन आयु वर्ग में होंगे। तैराकी और भारोत्तोलन के ट्रायल्स डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम सिगरा में और हॉकी व फुटबॉल के ट्रायल्स डॉ. भीमराव अंबेडकर क्रीड़ा संकुल लालपुर में सुबह 9 बजे से आयोजित किए जाएंगे। चयनित खिलाड़ियों का पंजीकरण एनएसआरएस पोर्टल पर किया जाएगा और चयन सूची उसी दिन खेल निदेशालय को भेजी जाएगी।
-
राज्य कराटे प्रतियोगिता में सत्यनारायण ने जीता स्वर्ण पदक
वाराणसी। लखनऊ में आयोजित राज्य कराटे प्रतियोगिता में बनारस के सत्यनारायण कराटे अकादमी के सत्यनारायण मौर्य ने 55 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाने के साथ राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए अपना चयन सुनिश्चित कर लिया। क्योशी जसपाल ने बताया कि सारनाथ निवासी सत्यनारायण मौर्य ने तेज गति व तकनीक से प्रत्येक मुकाबले में अपने प्रतिद्वंद्वियों को पराजित कर जीत हासिल की है। स्वर्ण पदक जीतने पर कराटे अकादमी के राजेश कुशवाहा, रामजीत, रोशन मौर्य व शाश्वत चौबे ने बधाई दी। ब्यूरो