फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

केजरीवाल के काफिले पर पथराव, कई कार्यकर्ता जख्मी

Tue, 23 Feb 2016 02:19 AM IST
ब्यूरो, अमर उजाला वाराणसी
विज्ञापन
विज्ञापन
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के काफिले पर नेवादा में सोमवार को उस समय पथराव हो गया जब वह रविदास जन्मस्थली जाने के लिए डीएलडब्ल्यू-बीएचयू मार्ग से गुजर रहे थे। पथराव के बाद भाजपा और आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए।
विज्ञापन


तीखी नोकझोंक के बीच दोनों तरफ से जमकर ईंट-पत्थर चले। इसमें आप के कई कार्यकर्ता घायल हुए हैं। पथराव से नाराज आप कार्यकर्ताओं ने डीरेका-बीएचयू मार्ग पर दो घंटे तक धरना दिया और चक्काजाम किया। पार्टी नेताओं के समझाने और पुलिस प्रशासन की कार्रवाई के आश्वासन पर माने। घायलों का उपचार अलग-अलग अस्पतालों में कराया गया। 

डीरेका-बीएचयू मार्ग पर नेवादा स्थित आप कार्यालय पर पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल के स्वागत की तैयारी सुबह से ही चल रही थी। दोपहर एक बजे के करीब कार्यालय से थोड़ी ही दूरी पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी। वे कुछ फोटोग्राफ हाथों में लिए थे, जिनके आधार पर दावा कर रहे थे कि आप कार्यकर्ताओं ने तिरंगे का अपमान किया है।
विज्ञापन


सड़क के बीचोबीच लगी भाजपा की होर्डिंग पर आप का पोस्टर लगाए जाने से भी उनमें नाराजगी थी।
नारेबाजी जोर पकड़ने लगी तो आप कार्यालय से भी कार्यकर्ताओं का हुजूम नारेबाजी करते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं के समीप पहुंच गया। दोनो पार्टी के कार्यकर्ताओं के आमने-सामने आने पर पुलिस फोर्स बीच-बचाव में जुटी तभी केजरीवाल की फ्लीट आ गई।

भाजपा के पक्ष में नारे लगा रहे लोग फ्लीट के सामने खड़े होकर विरोध करने लगे। कुछ लोग केजरीवाल की गाड़ी की तरफ भी लपके, इस पर आप कार्यकर्ताओं ने कड़ा प्रतिवाद किया। भाजपा कार्यकर्ताओं को फ्लीट से दूर करने के दौरान धक्कामुक्की शुरू हो गई। माहौल इस कदर तल्ख हुआ कि दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी।

तभी कुछ लोगों ने केजरीवाल के काफिले पर पथराव कर दिया। हालांकि केजरीवाल की गाड़ी तब तक आगे निकल गई थी। फ्लीट के पीछे की कुछ गाड़ियों पर पत्थर पड़े। आप कार्यकर्ताओं ने भी जवाब में ईंट-पत्थर चलाए। इस बीच भगदड़ जैसा माहौल बन गया। सुरक्षा कर्मी भी एकबारगी भागते नजर आए। आसपास के घरों और दूकानों के शटर गिरने लगे।

मारपीट और पथराव में छह से अधिक आप कार्यकर्ताओं को चोटें आईं। केजरीवाल की फ्लीट पर पथराव से नाराज आप कार्यकर्ता बीच सड़क धरने पर बैठ गए। तब तक बड़ी तादाद में फोर्स मौके पर पहुंच चुकी थी। सड़क खाली कराने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग भी किया लेकिन आप कार्यकर्ता हटने को तैयार नहीं हुए।

बाद में जब केजरीवाल रविदास जन्मस्थली से दर्शन-पूजन कर लौटे तक उनके साथ मौजूद राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय सिंह ने कार्यकर्ताओं को समझाकर जाम समाप्त कराया। मौके पर पहुंचे एसएसपी आकाश कुलहरी ने भी दोषियों के खिलाफ मुकदमा कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान लगभग ढाई घंटे तक डीरेका-नेवादा-बीएचयू मार्ग पर तनाव की स्थिति रही।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें