उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में ज्ञानपुर स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में पढ़ने वाली छात्राओं से शौचालय साफ कराने, पोंछा लगाने और झूठे बर्तन साफ करने का वीडियो वायरल हुआ।
इसके बाद डीएम राजेंद्र प्रसाद ने मामले का संज्ञान लेते हुए बीएसए अमित कुमार को जांच के लिए भेजा। वीडियो वायरल होने के मामले को लेकर बीएसए कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय पहुंचे।
उन्होंने बच्चों से शौचालय साफ कराने और बर्तन साफ करने के मामले में वार्डेन और बच्चों का बयान दर्ज किया। डीएम के निर्देश पर बीएसए करीब एक घंटे से अधिक समय तक स्कूल में रहे। एक-एक बिंदु पर जांच की। उन्होंने कहा कि जांच करने के बाद रिपोर्ट डीएम को भेजी जाएगी।
बताते चलें कि सोमवार को सोशल प्लेटफार्मों पर एक वीडियो वायरल हो रहा था। जो भदोही जिले के कस्बूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का है। उसमें पढ़ने वाली छात्राएं शौचालय, फर्श व बर्तन की सफाई करते दिख रही हैं। मामले की जानकारी के बाद अभिभावकों समेत जनपद के लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है।