आईआईटी बीएचयू के सांस्कृतिक महोत्सव काशीयात्रा में 1800 टेक्नोसेवियों ने रजिस्ट्रेशन करा लिया है। 16, 17 और 18 जनवरी को कैंपस के एडीवी ग्राउंड पर होने वाला अंतरराष्ट्रीय कार्निवल काशीयात्रा का सबसे बड़ा आकर्षण होगा। इसमें विश्वप्रसिद्ध ग्रैफिटी कलाकार डॉ. टॉय और जर्मन सितार वादक सेप्पे अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
काशीयात्रा के एक दिन पहले 15 जनवरी को स्वतंत्रता भवन में स्पिक मैके में राष्ट्रीय स्तर के प्रसिद्ध कलाकार छाऊ नृत्य और संतूर वादन की प्रस्तुति देंगे। इस बार काशीयात्रा में प्राचीन परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को सहेजा जाएगा। इसमें देशभर के हजारों विद्यार्थियों, कलाकारों और कलाप्रेमियों को एक मंच पर लाया जाएगा।
संस्थान के निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का विकास करते हैं। अधिष्ठाता (छात्र कल्याण) प्रो. राजेश कुमार ने बताया कि इस वर्ष देश के कई शैक्षणिक संस्थानों से लगभग 1800 प्रतिभागियों की पारंपरिक और आधुनिक कला रूपों का अनूठा संगम, अंतरराष्ट्रीय प्रस्तुतियां और कई प्रतियोगिताएं देखने को मिलेंगी। डीजे नाइट में बॉलीवुड गायक मोहित चौहान और शास्त्रीय सूफी संगीत के लिए विख्यात गायक-गीतकार बिस्मिल दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे।
अभिनय, बंदिश, क्रॉसविंड्ज, एनक्विज्टा, मिराज, नटराज, सहित कई इवेंट्स होंगे
महोत्सव के तहत अभिनय, बंदिश, क्रॉसविंड्ज, एनक्विज्टा, मिराज, नटराज, संवाद, तूलिका और जायका जैसी कई श्रेणियों में नाट्य, संगीत, नृत्य, प्रश्नोत्तरी, फैशन, साहित्यिक कला, ललित कला और पाक-कला से संबंधित प्रतियोगिताएं होंगी। सभी कार्यक्रम और प्रतियोगिता टेक्नो पैवेलियन, संस्थान परिसर के मैदान, राजपूताना ग्राउंड, व्याख्यान कक्ष (एलटी-3 और एलटी-4) और गोपाल त्रिपाठी सभागार में होंगे।