वाराणसी। कांधे पर कांवर, होठों पर बोल बम। तपती धूप और सड़क पर नंगे पांव बाबा दरबार में पहुंचने वाले कांवरियों का उत्साह कम होने का नाम नहीं ले रहा है। सावन के पहले दिन से बाबा दरबार में आने वाले कांवरियों का सिलसिला अनवरत जारी है। गुरुवार को भी बाबा दरबार में 60 हजार से अधिक भक्तों ने दर्शन पूजन किया। कुछ नाचते गाते पहुंच रहे हैं तो कुछ दंडवत करते हुए बाबा के दरबार में हाजिरी लगा रहे हैं।
गुरुवार को मंगला आरती से बाबा विश्वनाथ के दर्शन पूजन का सिलसिला शुरू हुआ। वहीं दुर्गाकुंड स्थित मंदिर परिसर में भी दर्शनार्थियों का रेला लगा रहा। मेला क्षेत्र में दूर दराज के गांव के अलावा स्थानीय लोगों ने जमकर आनंद उठाया। तुलसी मानस मंदिर में सबसे अधिक भीड़ लगी रही। सावन मेला भी अब धीरे-धीरे परवान चढ़ने लगा है। झूला, चरखी और विविध मिष्ठानों की दुकानें भी सजाई गई हैं।
दशाश्वमेध घाट पर स्थित देवगुरु बृहस्पति भगवान का गुरुवार को भव्य शृंगार किया गया। देवगुरु का पंचामृत स्नान के पश्चात फ ल, वस्त्र धारण कराया गया। स्वर्ण रजित मुखौटा व चांदी का छत्र और विविध प्रकार के फलों से बाबा को विराजमान कराया गया। पूरे मंदिर परिसर को अशोक, कामिनी, मोरपंख, बेला और गुलाब आदि से सजाया गया था। मंगला आरती अजय गिरी व संतोष गिरी ने संपन्न कराया। इसके उपरांत भक्तों के दर्शन के लिए कपाट खोल दिए गए।