Varanasi News: विश्वनाथ धाम में आयोजित तीन दिवसीय सॉफ्ट स्किल प्रशिक्षण के दौरान सेवा, सुरक्षा और संवेदनशीलता को पुलिसिंग की मूल भावना के रूप में स्थापित करने पर जोर दिया गया।
श्री काशी विश्वनाथ धाम में तैनात पुलिसकर्मियों के व्यवहार का फीडबैक अब श्रद्धालुओं की वेशभूषा में पुलिसकर्मी लेंगे। हर सप्ताह पुलिस व्यवहार से संबंधित वास्तविक फीडबैक और निरीक्षण किया जाएगा। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने सोमवार को धाम में तीन दिवसीय सॉफ्ट स्किल प्रशिक्षण के दौरान निर्देश दिए। प्रशिक्षण व पुलिस आयुक्त की काउंसलिंग के बाद नए पुलिसकर्मियों की नियुक्ति होगी।
विज्ञापन
त्रयंबकेश्वर हॉल में प्रशिक्षण और संवाद कार्यशाला में सेवा, सुरक्षा और संवेदनशीलता को पुलिसिंग की मूल भावना के रूप में स्थापित करने पर जोर दिया गया। पुलिस कर्मियों को श्रद्धालुओं के साथ विनम्र, सम्मानजनक, प्रभावी संवाद कौशल, भीड़ प्रबंधन व तनावपूर्ण परिस्थितियों में संयमित प्रतिक्रिया देने के व्यावहारिक उपायों से अवगत कराया गया।
पुलिस कर्मियों को भीड़ प्रबंधन, तीर्थ स्थलों पर व्यवस्था संचालन और तनावपूर्ण परिस्थितियों में संयमित और संतुलित प्रतिक्रिया देने के व्यावहारिक उपायों से अवगत कराया गया। बताया गया कि कठोर या असंवेदनशील संवाद नागरिकों में असंतोष उत्पन्न कर सकता है, जबकि सम्मानजनक और सकारात्मक संवाद कई बार तनावपूर्ण स्थितियों को भी सहज बना देता है।
विज्ञापन
संचालन मुंबई ऑयस्टर एचआर सॉल्यूशन्स प्राइवेट लिमिटेड की विशेषज्ञ टीम ने किया। पुलिस आयुक्त ने टीम की पूजा कृष्णा, दीपशिखा शर्मा व अंजलि मिश्रा को सम्मानित किया। इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त सुरक्षा अनिल कुमार यादव आदि रहे।