वाराणसी। काशी विश्वनाथ धाम का डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) सोमवार को कैबिनेट मंजूरी के लिए शासन को भेज दी गई। 500 पन्नों की रिपोर्ट में धाम का ब्राड प्लान, इस्टीमेट और तकनीकी पहलु को शामिल किया गया है। कैबिनेट में प्रस्तुत होने से पहले शासन की पब्लिक फाइनेंस एकाउंट डिपार्टमेंट इसका परीक्षण करेगी। उम्मीद है कि जुलाई में टेंडर प्रक्रिया पूरी कराकर अगस्त से काम शुरू करा दिया जाएगा।
करीब 40 हजार वर्ग मीटर में बनने वाले काशी विश्वनाथ धाम को 428 करोड़ रुपये से तैयार किया जाएगा। इसमें गंगा घाट से काशी विश्वनाथ मंदिर तक पावन पथ बनाया जाएगा। इसमें दुकानें, वेद विज्ञान शाला, हेल्प डेस्क, कार्यालय, कंट्रोल रूम, संग्रहालय, यज्ञशाला और यात्री विश्रामालय का निर्माण होना है। इसके साथ ही मुमुक्षु भवन के अलावा कई अन्य सुविधाएं भी शामिल हैं। मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने बताया कि सोमवार को डीपीआर शासन को भेज दी गई है। इसमें काम और उसके प्रत्येक पहलु की डिटेल रिपोर्ट को शामिल किया गया है। कैबिनेट से मंजूरी के बाद इसकी टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी।