महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के पास अब केवल दो जिलों के 228 कॉलेजों के संचालन से जुड़ा रिकॉर्ड ही रहेगा। अब तक पांच जिलों के 399 कॉलेज विश्वविद्यालय से संबद्ध थे। सोनभद्र, भदोही, मिर्जापुर जिले के कॉलेजों के मिर्जापुर स्थित मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय से जुड़ने के फैसले के बाद अब संबद्धता विभाग के साथ ही छात्रों के प्रवेश लेने, परीक्षा कराए जाने सहित अन्य रिकॉर्ड अपडेट करवाए जा रहे हैं। इन तीन जिलों में 171 कॉलेज हैं, जिसमें से अब तक 90 कॉलेजों की फाइल मिर्जापुर विश्वविद्यालय को भेजी जा चुकी है।
काशी विद्यापीठ से वाराणसी, भदोही, चंदौली, सोनभद्र, मिर्जापुर जिले के 399 कॉलेज संबद्ध हैं। पिछले दिनों तीन जिले (सोनभद्र, भदोही और मिर्जापुर) के कॉलेजों के अलग होने के शासन के फैसले के बाद विश्वविद्यालय की ओर यहां से जुड़े 90 कॉलेजों की फाइल भी भिजवा दी गई है। बाकी 81 कॉलेजों से जुड़े कागजातों की जांच करवाई जा रही है।
परीक्षा विभाग के साथ ही संबद्धता विभाग की ओर से वाराणसी, चंदौली के कॉलेजों की सूची नए सिरे से तैयार करवाई जा रही है। नए सत्र से केवल दो जिलों के कॉलेजों का ही संचालन करवाया जाना है।
काशी विद्यापीठ की परीक्षा नियंत्रक दीप्ति मिश्रा ने बताया कि शासन के फैसले के अनुसार सोनभद्र, भदोही, मिर्जापुर के कॉलेजों की फाइलें एक-एक कर मिर्जापुर विश्वविद्यालय को भिजवा दी जाएंगी। सभी फाइलों के जाने के बाद वाराणसी, चंदौली जिले का रिकॉर्ड अपडेट करवाया जाएगा।