महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के स्नातक में दाखिले के लिए रविवार को 10 केंद्रों पर आयोजित प्रवेश परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। अभ्यर्थियों को सामान्य ज्ञान और रीजनिंग के सवालों ने उलझाकर रख दिया। प्रवेश परीक्षा केंद्र से बाहर निकल रहे कुछ चेहरों पर मुस्कान थी तो कुछ के चेहरे निराश।
रविवार को प्रवेश परीक्षा के लिए बनाए गए 10 केंद्रों पर 12571 अभ्यर्थियों में से 2860 अनुपस्थित रहे। बीए की प्रवेश परीक्षा में पहली पाली में 6647 अभ्यर्थियों में से 5012 शामिल हुए और 1635 अनुपस्थित रहे। बीकॉम की द्वितीय पाली की प्रवेश परीक्षा में 5924 में से 5012 अभ्यर्थी शामिल हुए और 1225 अनुपस्थित रहे।
कुलसचिव डॉ एसएल मौर्य ने बताया कि प्रवेश परीक्षा की उत्तर कुुंजी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। अभ्यर्थियों को अगर कोई आपत्ति है तो वह नौ अक्तूबर तक विश्वविद्यालय के ई मेल अथवा कुलसचिव कार्यालय में दर्ज करा सकता है। निर्धारित तिथि के बाद आई आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा।