वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में 28 नवंबर को होने वाले छात्रसंघ चुनाव को लेकर सरगर्मी बढ़ गई हैं। विभिन्न पदों पर वैध प्रत्याशियों की सूची जारी होने के बाद अब प्रत्याशी एक-एक वोट सहेजने में लगे हैं। वहीं, सुरक्षा के लिहाज से परिसर में समाज विज्ञान चौराहे से लेकर मानविकी संकाय तक जगह-जगह पुलिस-पीएसी तैनात है। इस दौरान प्रत्याशियों के चुनाव प्रचार की वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है।
दरअसल, चुनाव में पांच दिन ही शेष हैं, इसमें भी एक दिन पहले प्रचार बंद हो जाता है। ऐसे में प्रत्याशी विभागों में जाकर विद्यार्थियों के बीच समय से प्रवेश, परीक्षा, परिणाम के साथ ही पेयजल, बिजली, प्रयोगशाला में उपकरण आदि समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता बताकर अपने पक्ष में वोट की अपील कर रहे हैं। शुक्रवार को दोपहर में परिसर में नारेबाजी के साथ ही चुनावी हैंडबिल भी उड़ाए गए। इधर नामांकन के दिन मारपीट, पत्थरबाजी की घटना के बाद से पुलिस भी मुस्तैद हो गई है। सीओ चेतगंज अनिल कुमार भी इंस्पेक्टर सिगरा सहित अन्य पुलिस कर्मियों के साथ डटे रहे।
राज्यमंत्री ने किया एबीवीपी के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन
वाराणसी। काशी विद्यापीठ छात्रसंघ चुनाव के लिए अंबालिकापुरी कालोनी स्थित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन राज्यमंत्री (स्वतंत्रप्रभार) डॉ. नीलंकठ तिवारी ने किया। इस दौरान उन्होंने प्रत्याशियों को चुनाव में जीत की शुभकामनाएं भी दी। कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष आशुतोष सिंह, नीलमणि तिवारी, मोहित सिंह, अनुज सिंह, शिवम शाह आदि मौजूद रहे।