वाराणसी के महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ और संबद्ध महाविद्यालयों की वार्षिक व सेमेस्टर परीक्षाएं सितंबर माह में प्रस्तावित हैं। इसमें पांच जिलों के 94360 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा की समय सारिणी दो दिन में जारी होगी।
मंगलवार को काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो. टीएन सिंह की अध्यक्षता में हेड और डीन की बैठक हुई। इस दौरान वार्षिक और सेमेस्टर की फाइनल परीक्षाओं पर विमर्श किया जाएगा। सितंबर में परीक्षाएं आयोजित होंगी। प्रथम और द्वितीय वर्ष के छात्रों को अगली कक्षा में प्रमोट किया जाएगा।
स्नातक की परीक्षाएं 15 अक्तूबर तक होंगी और स्नातकोतर की परीक्षाएं 31 अक्तूबर तक होंगी। परीक्षा के पैटर्न में कोई बदलाव नहीं किया गया है। प्रश्नपत्र पुरानी पद्धति और तीन घंटे का ही होगा। कोरोना संक्रमण को देखते हुए सुरक्षा मानकों के साथ ही परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। बैठक में कुलसचिव डॉ. साहब लाल मौर्य, प्रो. ओमप्रकाश सिंह, प्रो. अजीत कुमार शुक्ला, प्रो. योगेंद्र सिंह, सहायक कुलसचिव हरिश्चंद्र मौजूद रहे।
परीक्षा के पैटर्न में कोई बदलाव नहीं होगा। प्रश्नपत्र तीन घंटे के होंगे। दो दिनों में टाइमटेबल भी जारी कर दिया जाएगा।
डॉ. साहब लाल मौर्य, कुलसचिव
ई-कंटेंट पर हुई चर्चा
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ और संबद्ध महाविद्यालय के छात्रों के लिए ई-कंटेंट तैयार किए जा रहे हैं। बैठक में ई-कंटेंट पर चर्चा की गई। ई-कंटेंट पर जल्द ही वर्कशाप का आयोजन किया जाएगा।