महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में पूरे कैंपस को वाईफाई से जोड़ दिया गया है। शुक्रवार को कुलपति डॉ. पृथ्वीश नाग ने वाईफाई सेवा का उद्घाटन किया। विश्वविद्यालय के छात्र, शिक्षक और कर्मचारी इस सेवा का लाभ ले सकेंगे। वाईफाई 24 घंटे सुविधा खुली रहेगी।
प्रशासनिक भवन स्थित सभागार में इसका उदघाटन करने के बाद कुलपति ने बताया कि सुविधा का लाभ लेने के लिए मोबाइल और लैपटॉप यूजर्स को अपना एक्सेस नंबर देना पड़ेगा।
इसके लिए उन्हें फार्म भरना होगा, जिसमें पूरी जानकारी मिलने के बाद ही विश्वविद्यालय की ओर से उन्हें वाईफाई सेवा से जोड़ा जाएगा। बताया कि सुविधा का दुरुपयोग करने वालों पर आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई भी होगी। इस दौरान प्रशासनिक भवन में बने नये सभागार का नाम स्वामी विवेकानंद के नाम पर करने की घोषणा भी की गई। इस दौरान कुलसचिव ओमप्रकाश, वित्तअधिकारी प्रो. एसबी सिंह, प्रो. केएस जायसवाल, डॉ. सुरेंद्र सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।