सार
Miss World 2024: कमालुद्दीन के बेटे मोहम्मद इस्लाम ने बताया कि रिलायंस के स्वदेश ब्रांड के जरिये हमें ऑर्डर मिला कि काले रंग में गोल्ड और सिल्वर जरी का उपयोग करते हुए बनारसी जंगला साड़ी चाहिए। पहले नहीं बताया गया था कि यह साड़ी नीता अंबानी खुद पहनेंगी। कमालुद्दीन की देखरेख में दो कारीगरों को लेकर काम शुरू हुआ।
बनारसी जंगला साड़ी में नीता अंबानी।
- फोटो : Social Media
देश के प्रमुख उद्योगपति मुकेश अंबानी की पत्नी नीता अंबानी ने मुंबई में आयोजित मिस वर्ल्ड 2024 के फाइनल में बनारसी जंगला साड़ी पहनी थी। सोशल मीडिया पर लोग नीता की बनारसी साड़ी की तारीफ कर रहे हैं। हैंडलूम पर बनी इस साड़ी को काशी के नेशनल अवॉर्डी बुनकर कमालुद्दीन ने तैयार किया है।
रामनगर के रामपुर निवासी कमालुद्दीन के बेटे मोहम्मद इस्लाम ने बताया कि रिलायंस के स्वदेश ब्रांड के जरिये हमें ऑर्डर मिला कि काले रंग में गोल्ड और सिल्वर जरी का उपयोग करते हुए बनारसी जंगला साड़ी चाहिए। पहले नहीं बताया गया था कि यह साड़ी नीता अंबानी खुद पहनेंगी। कमालुद्दीन की देखरेख में दो कारीगरों को लेकर काम शुरू हुआ।
बंगलूरू की कतान, कॉटन टेस्टेड जरी, चार प्रतिशत सिल्वर धातु कंटेंट के साथ और फास्ट डाई, हैंडलूम पर कढ़ुवा जाल के जरिये बनारसी साड़ी लगभग 45 दिन में तैयार हुई। इससे पहले कमालुद्दीन दिवाली पर भी नीता को बनारसी साड़ी भेज चुके हैं।
प्रधानमंत्री कर चुके हैं सम्मानित
बुनकर मोहम्मद इस्लाम ने बताया कि डिजाइन, कलर व जरी लगाने का निर्णय पिता कमालुद्दीन अंसारी का ही रहा। बनारसी साड़ी बनाने के लिए वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिता कमालुद्दीन अंसारी को सम्मानित भी किया था। 2016 में हैंडलूम क्षेत्र के संत कबीर अवॉर्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है।