कोलकाता, दिल्ली, मुंबई, चेन्नई समेत देश-विदेश के लोग काशी में पूर्वजों के नाम दीपदान करा रहे हैं। इसी क्रम में अमेरिका की आभा, सिंगापुर के नित्या शिवा के पुरखों के नाम भी आकाशदीप टिमटिमा रहे हैं। पंचगंगा घाट समेत कई घाटों पर एक हजार से ज्यादा आकाशदीप रोशन हो रहे हैं।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
कार्तिक मास में देवाधिदेव महादेव की नगरी काशी में 33 कोटि देवताओं का पुण्य पाने और मोक्ष की कामना के साथ श्रद्धालु अपने पुरखों की तृप्ति के लिए भी दीपदान कर रहे हैं। यही वजह है कि अमेरिका की आभा लोखंडे और मोहनराव कुरूकोडा, सिंगापुर के नित्या शिव कुमार और कनाडा की विष्णु प्रिया अपने पुरखों के नाम से गंगातट पर आकाशदीप जलवा रहे हैं। गुजरात, कोलकाता, चेन्नई, मुंबई और दिल्ली समेत देश के विभिन्न शहरों के लोग भी अपने पूर्वजों के नाम पर दीपदान करा रहे हैं। पंचगंगा और दशाश्वमेध समेत विभिन्न घाटों पर एक हजार से ज्यादा आकाशदीप जल रहे हैं।
विज्ञापन
हिंदू धर्म में श्रेष्ठ माने जाने वाले कार्तिक मास का काशी में विशेष महत्व है। कार्तिक पूर्णिमा तक गंगा स्नान, दान-पुण्य, दीपदान और जप-तप के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी। अमेरिका, लंदन, कनाडा, सिंगापुर, दक्षिण अफ्रीका और नेपाल समेत कई देशों के लोग भी अपने पूर्वजों के नाम पर दीपदान करा रहे हैं। पूर्वांचल और देश के अन्य शहरों से भी लोग इस परंपरा से जुड़े हैं।
बिंदु माधव मंदिर के महंत मुरलीधर पटवर्धन ने बताया कि काशी के पंचगंगा घाट पर आकाशदीप का विशेष महत्व है। यहां पूरे कार्तिक मास तक आकाशदीप जलाए जाते हैं। आसपास के शहरों से आने वाले लोग स्वयं दीप जलाते हैं। जो लोग नहीं आ पाते, उनके पुरोहित पूर्वजों के नाम और गोत्र से संकल्प लेकर दीपदान कराते हैं।
विज्ञापन
Trending Videos
अमेरिका के आभा लोखंडे और मोहनराव कुरूकोडा पांच साल से, सिंगापुर के नित्या शिव कुमार तीन साल से, कनाडा की विष्णु प्रिया आठ साल से और नेपाल की मंजू घीमीरे व कर्ण बहादुर थापा दस साल से अपने पूर्वजों के नाम पर दीप जलवा रहे हैं।
दशाश्वमेध घाट पर देश के शहीदों की स्मृति में भी आकाशदीप जलाए जाते हैं। करीब चार दशक से चली आ रही इस परंपरा के तहत यहां विशेष आयोजन होता है। मंगला गौरी मंदिर के महंत नारायण गुरु ने बताया कि मान्यता है कि पंचगंगा घाट पर पांच नदियों का संगम होता है।
कार्तिक मास में 33 कोटि देवताओं के साथ तीर्थराज प्रयाग भी यहां स्नान करने आते हैं। इसलिए इस दौरान घाट पर पूजन और दीपदान करने से पूर्वजों को सद्गति मिलती है और उनके मोक्ष का मार्ग प्रशस्त होता है।
एक माह दीपदान के लिए खर्च करने पड़ते हैं दो से चार हजार रुपये
कार्तिक मास भर आकाशदीप जलाने के लिए पुरोहित दो से चार हजार रुपये तक लेते हैं। इसके बाद पूर्वजों के नाम और गोत्र से संकल्प दिलाकर प्रतिदिन सुबह और शाम दीपदान कराया जाता है। सुबह सूर्योदय से पहले और शाम को सूर्यास्त के बाद दीप जलाए जाते हैं। इस दौरान श्रद्धालु स्वयं काशी पहुंचते हैं तो विधिवत पूजन के साथ दीपदान भी करते हैं।
डालमिया परिवार के पूर्वजों के नाम भी जल रहे दीप
देश के प्रमुख उद्यमी डालमिया परिवार के सदस्य श्याम सुंदर, सत्यभामा देवी, मधुसूदन, अल्पना, प्रद्युम्न, वसुप्रदा, नारायण प्रसाद और गीता देवी डालमिया भी अपने पूर्वजों के नाम पर दीपदान करा रहे हैं। इनके अलावा कोलकाता के इंद्रचंद्र, चेन्नई के कोंडा हरिनाथ, पद्मावती, शिव प्रसाद, सुधा रानी और देवांश, गुजरात के रमेश भाई त्रिवेदी, अनिता बेन, नंद किशोर, नीलरतन और बालकुकुंद, विशाखापत्तनम के सीताराम, दिल्ली की अंकिता शर्मा, मध्यप्रदेश के सुशांत सिंह और पूर्वांचल के कन्हैयालाल, राजकुमार, श्रद्धा सिंह, शरद सिंह, श्रीकांत, परीक्षित और कपिल समेत कई लोग अपने पुरखों के नाम पर आकाशदीप जलवा रहे हैं।