कारगिल विजय दिवस पर बुधवार को पूर्वांचल के लोगों के जोश और जज्बे ने जाहिर कर दिया के वे वतन के रखवालों के लिए संजीदा हैं। अमर उजाला फाउंडेशन के तत्वावधान में वाराणसी, आजमगढ़ और मिर्जापुर मंडल के 10 जिलों में 786 लोगों ने रक्तदान कर शहीद सैनिकों के प्रति सम्मान के साथ-साथ जरूरतमंदों के सहायतार्थ ‘लहू देश के लिए’ समर्पित किया।
लगातार दूसरे साल हुएइस आयोजन में कई जगह भारी बारिश के बावजूद लोग पूरे उत्साह के साथ रक्तदान-महादान करने पहुंचे। बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल का डॉक्टर्स लाउंज के साथ-साथ आजमगढ़ और जौनपुर के ब्लड बैंक में तो शिविर मेलों में तब्दील हो गए।
बीएचयू के अमर उजाला फाउंडेशन और बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिविर का दीप प्रज्ज्वलन के बाद बतौर मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. जीसी त्रिपाठी ने कहा कि रक्तदान जीवन रक्षा का यह एक आयाम है।
इस आयाम की सुरक्षा के लिए देशवासी जागरूक हों, प्रतिबद्ध हों और आवश्यकतानुसार अपनी सामर्थ्य के अनुसार योगदान दें। इसके लिए अमर उजाला फाउंडेशन की पहल सराहनीय है।
शिविर एनसीसी ए ग्रुप के कमांडर ब्रिगेडियर एके गोयल, ट्रेनिंग अफसर लेफ्टिनेंट कर्नल सुधीर सिंह के साथ-साथ 39 गोरखा ट्रेनिंग सेंटर के सैनिकों, सीआरपीएफ जवानों, एनसीसी कैड्ट्स के अलावा सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं, छात्र-छात्राओं और महिलाओं ने रक्तदान-महादान किया।
उधर, आजमगढ़ में एसपी अजय साहनी, एसपी सिटी सुभाष चंद्र गंगवार, मऊ में एसपी अभिषेक यादव और जौनपुर में एसपी शैलेश कुमार पांडेय अपने-अपने जिलों में आयोजित शिविरों में रक्तदान कर महादानी बने।
रक्तदान एक नजर में
वाराणसी 158
गाजीपुर 71
जौनपुर 111
चंदौली 68
मिर्जापुर 35
भदोही 20
सोनभद्र 61
आजमगढ़ 131
मऊ 70
बलिया 61
(वाराणसी में 50, बलिया में 9, चंदौली में 55, जौनपुर में 25, मिर्जापुर में 12 और आजमगढ़ में 7 लोगों को रिजर्व में रखे गए हैं, जो जरूरत के समय बुलाए जाने पर रक्तदान करेंगे )