संवाद न्यूज एजेंसी
चौबेपुर। वाराणसी-गाजीपुर हाईवे पर राजवारी में सोमवार भोर में बाइक की टक्कर से आजमगढ़ के कांवरिया संदीप गुप्ता (17) की मौत हो गई। वह अपने साथियों के साथ कांवड़ लेकर मार्कंडेय महादेव मंदिर कैथी आ रहा था। पुलिस ने शव को संरक्षण में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आजमगढ़ के देवगांव थाना क्षेत्र के परसौरा निवासी संदीप अपने साथियों के साथ कांवर लेकर वाराणसी से गाजीपुर की ओर जा रही एक बाइक से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि संदीप गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरपतपुर भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। एसीपी सारनाथ विनय कुमार द्विवेदी ने बताया कि संदीप अपने दो भाइयों में सबसे छोटा था। वह ऑटोमोबाइल के गैरेज में काम करता था।