माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। संयुक्त किसान मोर्चा और संयुक्त ट्रेड यूनियन के अखिल भारतीय जेल भरो आंदोलन के तहत सोमवार को सैकड़ों किसान, मजदूरों ने जिला मुख्यालय पहुंचकर गिरफ्तारी दी। थोड़ी देर बाद उन्हें रिहा कर दिया गया। अखिल भारतीय किसान सभा, सीटू, एटक, इंटक, किसान महासभा के नेतृत्व में शास्त्री घाट पर किसान, मजदूर एकत्र हुए। सभा के बाद गिरफ्तारी देने के लिए जिला मुख्यालय के लिए निकले, लेकिन रास्ते में ही पुलिस ने आगे बढ़ने से रोक दिया और मौके पर पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट ने सभी को गिरफ्तार करने का आदेश किया। बाद में सभी को रिहा कर दिया गया। अमेरिका से मुक्त व्यापार समझौता रद्द, चार लेबर कोर्ट रद्द करने, न्यूनतम वेतन 31000 रुपये करने, एमएसपी सीटू प्लस 50 प्रतिशत करने, बिजली निजीकरण रोकने और स्मार्ट मीटर हटाने की मांगों के साथ भूमि अधिग्रहण कानून 2013 को लागू करने की मांग को प्रमुखता से उठाया। वक्ताओं ने कहा कि पुलिस के बल पर किसानों को धमका कर जमीन अधिग्रहण करने की कार्रवाई जारी है। किसान और मजदूर संगठन इसका विरोध करेंगे। किसान आंदोलन बनारस में खड़ा किया जाएगा। मुख्य वक्ताओं में सीटू के जिला सचिव देवाशीष, किसान सभा के जिला सचिव अनिल कुमार सिंह, अध्यक्ष रामजी सिंह, नंदलाल पटेल, एटक के नेता अजय मुखर्जी, लालमणि वर्मा, शिव शंकर शास्त्री मौजूद रहे।