केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्री कलराज मिश्र ने प्रदेश के नगर विकास मंत्री आजम खां के योग पर दिए गए बयान पर मंगलवार को पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग योग को सियासी चश्मे से देख रहे हैं। योग को किसी धर्म, पंथ, मजहब या संप्रदाय से जोड़ना ठीक नहीं हैं। बता दें कि सपा नेता आजम खां ने सोमवार को बेनियाबाग के मैदान पर रोजा इफ्तार कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा था कि योग को भाजपा ने साजिशन हिंदुओं का बना दिया है।
सर्किट हाउस में पत्रकाराें से बातचीत में मिश्र ने कहा कि आज विश्व योग दिवस पर पूरी दुनिया में भारत का डंका बज रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय योग पद्धति की दुनिया भर में ब्रांडिंग की है। उनके दो साल के विदेश दौरों का असर है कि आज भारत समेत दुनिया भर के देशों में एक साथ-एक समय पर योग शिविर लगे। लाखों की संख्या में लोग उसमें शामिल हुए। योग की लोकप्रियता दिनोंदिन बढ़ रही है।
सपा सरकार पर निशाना साधते हुए मिश्र ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त है। भ्रष्टाचारी हावी हैं। इसके चलते कोई निवेशक यहां उद्योग नहीं लगाना चाहता है। हालात इतने खराब हो चुके हैं कि अब कारोबारी और उद्यमी पलायन करने लगे हैं। उन्होंने कहा कि मथुरा और कैराना की घटना यह बताने के लिए काफी है कि सूबे का माहौल कैसा है। मथुरा और कैराना दोनों ही मामलों में उत्तर प्रदेश सरकार का सारा तंत्र फेल साबित हुआ है। शासन का सूचना और खुफिया तंत्र यदि सतर्क होता तो मथुरा में कई मासूम और निर्दोष लोगों को बचाया जा सकता था।
मिश्र ने कहा कि प्रदेश की सपा सरकार से जनता त्रस्त है। लोग बसपा के शासन के तौर-तरीके से भी वाकिफ हैं। अब जनता भाजपा की ओर आशा भरी नजरों से देख रही है। कहा कि यूपी में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। सीएम कैंडिडेट के सवाल पर कहा कि इसका फैसला पार्टी का संसदीय बोर्ड करेगा। राम मंदिर से जुड़े सवाल पर मोदी के मंत्री ने कहा कि यह कभी चुनावी मुद्दा नहीं रहा। राममंदिर का निर्माण राष्ट्रीय मुद्दा है। सबकी सहमति से अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर बनेगा।