यूपी के मऊ जिले की रानीपुर और स्वाट टीम ने शुक्रवार को मुठभेड़ के बाद दो बदमाशों को गिरफ्तार किया। जबकि एक मौके का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। पकड़े गए बदमाशों में एक काली पासी गैंग का शूटर बताया गया। बदमाश किसी की हत्या की फिराक में थे। उनके पास से एक रिवाल्वर एक तमंचा और कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने संबंधित धाराओं में उनका चालान कर दिया।
सीओ मुहम्मदाबाद गोहना आलोक जायसवाल ने बताया कि स्वाट टीम प्रभारी को मुखबिर से बदमाशों के आने की सूचना मिली। इस आधार पर रानीपुर थाने की पुलिस पलिया मोड़ पर घेराबंदी कर बदमाशों के आने का इंतेजार करने लगी।
तभी एक बाइक पर सवार तीन बदमाश आते दिखे। पुलिस के हाथ देने पर बदमाशों ने पुलिस पर फायर किया। जवाब में पुलिस की चलाई गई गोली से बदमाशों के बाइक का संतुलन बिगड़ गया। दो बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़े जबकि एक भाग निकला।
सीओ के अनुसार पकड़े गए बदमाशों में चांद बाबू उर्फ छोटू पुत्र खजीखुज्जमा गाजीपुर जिले के सैदपुर बाजार का निवासी है। साथ ही वाराणसी के कुख्यात अपराधी काली पासी गैंग का सदस्य है। गिरफ्तार दूसरा बदमाश अनिरुद्ध पांडेय उर्फ अन्नू पुत्र धर्मनाथ पांडेय वाराणसी जिले के चेतगंज थाने के बड़ी पियरी का निवासी है।
सीओ ने बताया कि मौके से फरार हुए अविनाश पांडेय उर्फ प्रिंस पुत्र राजवंत पांडेय मऊ जिले के रानीपुर थाने के बभनपुरा गांव का निवासी है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की टीम को रवाना किया गया है। पुलिस ने बदमाशों का विभिन्न धाराओं में चालान कर उन्हे जेल भेजने के लिए कोर्ट में पेश किया।