कालभैरव मंदिर में काशीवासियों के लिए सावन में नई व्यवस्था शुरू होगी। काशीवासी आधार कार्ड दिखाकर एक घंटे की विशेष समय सीमा में आसानी से बाबा के दर्शन कर सकेंगे।
काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव के दर्शन के लिए अब काशीवासियों को लंबी कतारों से राहत मिलने जा रही है। उन्हें अब बाबा कालभैरव के दर्शन के लिए लाइन में नहीं लगना होगा। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर की तर्ज पर अब कालभैरव मंदिर में भी स्थानीय लोगों के लिए विशेष व्यवस्था लागू होने जा रही है।
विज्ञापन
नई व्यवस्था के तहत काशीवासी सुबह पांच बजे से छह बजे के बीच अपना आधार कार्ड दिखाकर मात्र एक घंटे की विशेष समय सीमा में आसानी से बाबा के दर्शन कर सकेंगे। मंदिर के ओर से यह नई व्यवस्था को आगामी सावन के महीने से शुरू होगी।
कालभैरव मंदिर के महंत मोहित योगेश्वर ने बताया कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ और स्थानीय नागरिकों की सहूलियत को देखते हुए ये पहल की गई है। वर्तमान समय में कालभैरव मंदिर में रोजाना औसतन पांच हजार से ज्यादा श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए आते हैं। रविवार, मंगलवार और त्योहारों के दिनों में यह संख्या पांच गुना बढ़ जाती है।
विज्ञापन
काशीवासियों की इन्हीं शिकायतों का समाधान करते हुए मंदिर प्रशासन ने यह निर्णय लिया है। मंदिर में भक्तों की भीड़ और लंबी लाइन को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने भक्तों के निकास के लिए अलग मार्ग निर्धारित किया है। भक्तों को मुख्य द्वार से प्रवेश करने और दर्शन के बाद पिछले गेट से बाहर निकलते हुए उन्हें 200 मीटर दूर भूतही इमली के रास्ते बाहर निकाला जा रहा है।