माहेश्वरी समाज की ओर से 23 जून को महेश नवमी मनाई जाएगी। दशाश्वमेध घाट से कलश यात्रा निकाली जाएगी। राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ मुख्य अतिथि होंगे। माहेश्वरी समाज के माहेश्वरी भवन में हुई बैठक में पदाधिकारियों ने यह निर्णय लिया। प्रचार मंत्री गौरव राठी ने बताया कि महेश नवमी समाज की एकता, सेवा और सामाजिक समरसता का प्रतीक है।
23 जून को सुबह 6:30 बजे दशाश्वमेध घाट से कलश यात्रा निकाली जाएगी, जो गोदौलिया, कोतवालपुरा एवं बांसफाटक मार्ग से होते हुए श्रीकाशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर पहुंचेगी। बाबा का जलाभिषेक कर पूजन करेंगे। शाम को माहेश्वरी भवन में भगवान शिव की विधिवत पूजा होगी। सांस्कृतिक संध्या और समाज के विशिष्टजनों का सम्मान समारोह होगा। मुरली मनोहर पालोद अतिथि होंगे। उन्होंने बताया कि माहेश्वरी परिषद 19 जून से ही महेश सप्ताह का शुभारंभ कर रहा है। इसके तहत समाजहित और जनसेवा से जुड़े अनेक कार्यक्रम होंगे। इसमें क्रिकेट प्रतियोगिता, बच्चों को निशुल्क पुस्तक एवं लेखन सामग्री का वितरण, रक्तदान शिविर और पर्यावरण संरक्षण पर जागरूकता आदि कार्यक्रम होंगे। 24 जून को पुरस्कार वितरण से महोत्सव का समापन होगा। बैठक की अध्यक्षता समाज के अध्यक्ष दीपक माहेश्वरी ने की। संचालन मंत्री राकेश कचोलिया तथा धन्यवाद ज्ञापन कोषाध्यक्ष सुशील दमानी ने किया। बैठक में अजय काबरा, गौरीशंकर नेवर, श्रीराम माहेश्वरी, राजकुमार कोठारी, लोकेंद्र करवा, पवन धूत, राजेश बाहेती, योगेश भुराड़िया, प्रफुल्ल सोमानी, गोविंद बजाज आदि रहे।