वाराणसी। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए भले ही अभी तारीख की घोषणा नहीं की गई है लेकिन सपा और भाजपा ने चुनावी बिसात बिछाना शुरू कर दिया है। भाजपा जहां निर्दलीयों को पार्टी में शामिल करने में जुटी हैं, वहीं सपा का आरोप है कि भाजपा सत्ता का दुरुपयोग कर रही है।
बसपा की जिला पंचायत सदस्य पुष्पाजंलि पटेल भाजपा में शामिल हो गईं। इसके अलावा पूनम मौर्या भाजपा में शामिल हुई हैं। इस बार जिला पंचायत सदस्य की सीट पिछड़ा वर्ग की महिला के लिए आरक्षित है। वाराणसी में जिला पंचायत की 40 सीटें हैं। इनमें से एक सीट पर प्रत्याशी की मौत हो गई है। इसके चलते यह रिक्त हो गई है। जीतने के लिए पार्टी को 20 प्लस वन के जादुई आंकड़े को प्राप्त करना है। इस नाते 21 से 25 सदस्यों को अपने पाले में करने की मुहिम शुरू हो गई है। सभी पार्टियों की नजर निर्दलीयों पर है। क्योंकि 40 में से 11 निर्दलीय जीते हैं। जिस पार्टी को इनका समर्थन होगा। उस पार्टी के उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित है। सपा जिला अध्यक्ष सुजीत यादव ने कहा कि भाजपा ने सत्ता के दुरुपयोग का खेल शुरू कर दिया है। लेकिन वे कामयाब नहीं होंगे। अगर कामयाब हो जाएंगे तो 6 महीने से ज्यादा अध्यक्ष कोई नहीं बनेगा। सपा के जिला पंचायत सदस्य के बारे में पूछताछ की जा रही है। एलआईयू और पुलिस से उनके रिकॉर्ड मंगाए जा रहे हैं। जल्द ही सपा की ओर से जिला पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशी की घोषणा की जाएगी। भाजपा जिला अध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि कई निर्दलीयों ने पार्टी में आने के लिए हामी भरी है। जल्द ही और भी निर्दलीयों को पार्टी की सदस्यता दिलाई जाएगी। इस बार जिला पंचायत अध्यक्ष भाजपा की होगी। काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश चंद श्रीवास्तव ने कहा कि पार्टी अपना काम कर रही है और पंचायत चुनाव में अच्छे परिणाम मिलेंगे।