सारनाथ। एक लाख के इनामी बदमाश श्रीप्रकाश मिश्रा उर्फ झुन्ना पंडित को अदालत ने भगोड़ा घोषित किया है। उसके बारे में कोई सूचना मिले तो पुलिस को बताएं। सूचना देने वाले का नाम और पता गुप्त रखा जाएगा। यह मुनादी कराते हुए सारनाथ पुलिस ने रविवार को झुन्ना केे हासिमपुर स्थित घर पर कुर्की की नोटिस चस्पा की।
सारनाथ थाना अंतर्गत पहड़िया क्षेत्र में बीती 22 जुलाई की रात पाइप कारोबारी धर्मेंद्र गुप्ता की हत्या कर बदमाशों ने पांच लाख रुपये लूट लिए थे। सारनाथ पुलिस के प्रार्थना पत्र पर अदालत ने झुन्ना के खिलाफ कुर्की की नोटिस जारी की। इंस्पेक्टर सारनाथ विजय बहादुर सिंह ने बताया कि इनामी बदमाश झुन्ना के घर कुर्की की नोटिस चस्पा की गई है। एक महीने के भीतर उसने समर्पण नहीं किया तो उसकी संपत्तियों की कुर्की कराई जाएगी। बता दें कि झुन्ना मढ़वा गांव निवासी दिव्यांग चाय-पान विक्रेता दिलीप पटेल की हत्या, मजदूर अजीजुद्दीन की हत्या के प्रयास और सथवा के पूर्व प्रधान राजेश पटेल से रंगदारी मांगने व उसके अपहरण के मामले में भी वांछित है।