महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ ललित कला विभाग की ओर से झारखंड के स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने बढ़ चढ़कर भागीदारी की। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने चित्रकला, रंगोली के माध्यम से यहां छाऊ नृत्य की आकृति उकेरी। इधर कला प्रदर्शनी में झारखंड में मनाए जाने वाले त्योहारों, सांस्कृतिक गतिविधियों पर आधारित कलाकृतियां भी लगाई गई।ललित कला विभाग के कला दीर्घा में लगाई गई कला प्रदर्शनी में झारखंड के लोक कला, टेराकोटा एवं बिरसा मुंडा के झारखंड योगदान की कहानियों पर आधारित चित्रों को प्रदर्शित किया गया। इसमें यह बताया गया कि संथाल लोग 5 दिनों तक सोहराय मानते हैं जहां वे मवेशियों की देखभाल और पूजा करते हैं। एक कलाकृति में संथाल महिलाएं नृत्य से पहले बैलों की पूजा करते हुए दिखाई गई है। प्रदर्शित चित्रों में आदिवासी पुरुषों को वाद्य यंत्रों की धुन पर नाचते हुए दिखाया है।
भारत माता मंदिर परिसर में रंगोली प्रतियोगिता में कुल 8 टीमों ने भाग लिया जिसमें 27 छात्र छात्राओं ने आकर्षक आकृतियां बनाई। इसमें झारखंड के लोक नृत्य, छाऊ नृत्य एवं बिरसा मुंडा के योगदान की कहानियों पर आधारित रंगोली को सजाया गया है। ललित कला विभाग के अध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार विश्वकर्मा ने चित्रों एवं रंगोली का अवलोकन किया। इस दौरान डॉ. शत्रुघ्न प्रसाद, डॉ. रामराज, डॉ. मदन प्रसाद गुप्ता, डॉ. स्नेहलता कुशवाहा, शालिनी कश्यप, एस एंजेला आदि लोग मौजूद रहे।