सारनाथ। परशुरामपुर में चोरों ने रिटायर्ड एसडीओ के बंद मकान में 70 हजार नकदी समेत लाखों के आभूषण चोरी कर लिया। रामबचन सिंह कुशवाहा दस दिन बाद घर लौटे तो मुख्य दरवाजे से लेकर कमरों और आलमारियों के ताले टूटे मिले। बेटी की शादी के लिए जुटाए गए आभूषण चोरी होने की जानकारी हुई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला। तहरीर में रामबचन सिंह ने बताया कि वह आठ सितंबर को पत्नी शारदा कुशवाहा के साथ पैतृक गांव देवरा, गाजीपुर गए थे। इसके बाद बेटी डॉ. वंदना से मिलने पुणे चले गए। मंगलवार रात आठ बजे वह वापस परशुरामपुर पहुंचे। पड़ोसी रविशंकर से चाबी लेकर गेट खोला तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जाने पर दो कमरों के ताले भी टूटे मिले। आलमारी में रखे 70 हजार रुपये भी गायब थे।
विज्ञापन
परिवार के मुताबिक, बेटी की शादी के लिए लंबे समय से सोने-चांदी के आभूषण जुटाए जा रहे थे। हालांकि थाने में दी गई लिखित शिकायत में आभूषणों की अनुमानित कीमत और नकद का स्पष्ट विवरण नहीं दिया गया है। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि मकान मालिक के घर से बाहर रहने के दौरान दस दिनों की रिकॉर्डिंग की जांच की जा रही है। चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम काम कर रही है। संवाद