जयापुर के प्राथमिक स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के लिए इस बार का स्वतंत्रता दिवस कुछ खास रहा। न्यूजीलैंड की संस्था थ्रीडीआई स्कूल की ओर से यहां डिजिटल क्लास (स्मार्ट लर्निंग) की शुरुआत की गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गोद लिए गांव में यह पहल कॉरपोरेट सोशल रिस्पांसबिलिटी (सीएसआर) प्रोजेक्ट के तहत की गई। इस योजना में शामिल बच्चों को महीने में एक दिन स्मार्ट लर्निंग के जरिए प्रोजेक्टर से पढ़ाया जाएगा।
थ्रीडीआई स्कूल के ग्लोबल हेड दर्शन शेट्टी एवं उनके सहयोगी हरप्रीत सिंह के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की डिजिटल इंडिया मुहिम से प्रभावित होकर स्कूल ने मोदी के गोद लिए गांव के बच्चों को स्मार्ट लर्निंग प्रोग्राम का हिस्सा बनने का मौका दिया है। बताया कि पढ़ाई के इस नए तरीके में खास बात यह है कि स्मार्ट क्लासेज के कंटेट पहले से तय होते हैं मगर यहां पढ़ाई का कंटेंट बच्चों को साथ लेकर तैयार किया जाएगा। कोशिश होगी कि डिजिटल तरीके से उनको जानकारियां और तकनीकी शिक्षा दी जाए। स्वतंत्रता दिवस पर प्राथमिक विद्यालय में आयोजित समारोह में मौजूद गांव की प्रधान दुर्गावती देवी ने कहा कि इस पहल के पीछे मकसद है बच्चों को खेल-खेल में कुछ ऐसा सिखाना जो भविष्य में इनके काम आए और बच्चे इसमें आनंद भी उठाएं।
सौर ऊर्जा से रोशन हुआ प्राथमिक विद्यालय
वाराणसी। जयापुर का प्राथमिक विद्यालय सौर ऊर्जा से रोशन हुआ। नोएडा की कंपनी वेल्सपन की ओर से विद्यालय में दो किलोवाट की क्षमता का सोलर प्लांट लगाया गया है। इस प्लांट से स्कूल को भरपूर बिजली मिलेगी। स्वतंत्रता दिवस पर कंपनी के एमडी अनुराग कुमार की ओर से सभी बच्चों को बैग, कापी, पेंसिल दी गई। साथ ही बच्चों के बैठने के लिए कुर्सी और मेज की भी व्यवस्था की गई।