मकान पर जब्ती की नोटिस चस्पा करती पुलिस।
जौनपुर में लूट, हत्या के प्रयास, आपराधिक षडयंत्र रचने सहित कई अन्य मामलों में वांछित की आठ लाख की संपत्ति पुलिस ने जब्त कर ली है। डीएम के आदेश पर चंदवक पुलिस ने यह कार्रवाई की। आरोपी के गांव में डुगडुगी पिटवाते हुए मकान पर जब्ती की नोटिस चस्पा कराई।
मड़ियाहूं के जयरामपुर गांव निवासी अरविंद राजभर उर्फ मंगनू पर चंदवक थाने में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि वह गिरोहबंद अपराधी है। गिरोह बनाकर लूट, छिनैती की घटनाओं को अंजाम देता है। इसी अपराध के बूते उसने संपत्ति अर्जित की है। पुलिस ने इसकी रिपोर्ट बनाकर डीएम को प्रस्तुत की, जिसके आधार पर संपत्ति जब्त करने का आदेश जारी हुआ। इसके तहत बृहस्पतिवार की शाम चंदवक पुलिस ने जयरामपुर पहुंचकर अरविंद राजभर उर्फ मंगनू के हिस्से का करीब आठ लाख का मकान जब्त कर लिया।
सीओ सदर जितेंद्र दुबे ने बताया कि जब्ती से पूर्व गांव में मुनादी भी कराई गई। मकान को सील करते हुए वहां नोटिस चस्पा कर दी गई है।