‘कब्जा हो रहा तो होने दो, दोबारा फोन मत करना’
- शिकायतकर्ता से दुर्व्यवहार का मछलीशहर तहसीलदार का ऑडियो वायरल
अमर उजाला ब्यूरो
मीरगंज(जौनपुर)। विवादित जमीन पर कब्जे की सूचना देने पर शिकायतकर्ता से तहसीलदार के दुर्व्यवहार का एक ऑडियो वायरल हुआ है। ऑडियो में तहसीलदार शिकायतकर्ता को अपशब्द कहने से भी नहीं चूक रहे हैं।
मीरगंज थाना क्षेत्र भिदुना गांव की एक विवादित जमीन पर कब्जा करने की शिकायत एक सामाजिक संस्था के कार्यकर्ता सभाजीत ने तहसीलदार से फोन पर की थी। शिकायतकर्ता के मुताबिक दिनांक 8 दिसंबर को बाबा यादव की जमीन पर कब्जा किया जा रहा था। जिसकी सूचना उन्होंने फोन कर तहसीलदार को दी। ऑडियो में फोन पर वह तहसीलदार मछलीशहर से कब्जा रोकवाने की बात कह रहे हैं लेकिन तहसीलदार संतोष सोनकर उन्हें दो दिन बाद तहसील आने को कहते हैं। शिकायतकर्ता के यह कहने पर कि जमीन अभी कब्जा की जा रही है और वह दो दिन बाद आएंगे तो क्या होगा। इस पर तहसीलदार कह रहे हैं कि कब्जा हो रहा है तो होने दो अब दोबारा फोन मत करना। बात यहीं नहीं रुकती। वह फोन करने वाले को अपशब्द कहने से भी नहीं चूकते। इस पर शिकायतकर्ता कहता है कि आप तहसीलदार हैं, ऐसा कैसे बोल रहे हैं। बातचीत के दौरान दोनों एक दूसरे को देख लेने की बात तक पहुंच जाते हैं। इस संबंध में तहसीलदार संतोष सोनकर का कहना है कि भिदुना गांव के मामले पर एक व्यक्ति से बात हुई है। वह धमकी दे रहा था तो मैने भी कहा मै भी वहीं से शुरू करता हूं जहां से वह चाहता है। वह धमकी दे रहा था तो मुझे भी कुछ कहना पड़ा।