बृहस्पतिवार को सुबह सात बजे सिपाह मोहल्ले में गुरुद्वारा मोड़ के पास बाइक का पंचर बनाने का काम करने वाला युवक दुकान पर पहुंचा तो टीनशेड के नीचे युवक का शव देख वह दंग रह गया। उसने शोर मचाया तो आसपास के लोग जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी तो पुलिस ने पंचनामा कर उसे मर्चरी हाउस में रखवा दिया। सोनू की तलाश में जुटे उसके परिवार के लोगों को लावारिस लाश मिलने की जानकारी हुई तो जिला अस्पताल के मर्चरी हाउस पहुंच गए। परिजनों ने शव की पहचान की।
कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार मिश्र का कहना है युवक के शरीर पर कहीं कोई गंभीर चोट के निशान नहीं मिल है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक के मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।
सीसीटीवी में लड़खड़ाते हुए दिख रहा सोनू
सराफा कारोबारी सोनू का जिस स्थान पर शव मिला है, उससे 10 कदम पहले एक दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की भी पुलिस ने छानबीन की है। सीसीटीवी फुटेज में सुबह 6 बजे वह लड़खड़ाते हुए दिखता है। दुकान के बाहर रखे पुराने टायर को पकड़कर वह करीब आधे घंटे तक बैठा रहता है। सुबह करीब 6:30 बजे वह टायर के पास से उठता है और लड़खड़ाते हुए आगे बढ़ता है। मुश्किल से 10 कदम आगे जाता है और जमीन पर ही लेट जाता है। सुबह पंचर बनाने वाला दुकान पर पहुंचा तो करीब सात बजे शव मिलने की सूचना पुलिस को दी गई।