फ्लोटिंग बाथ कुंड में एक साथ 20 से 25 लोग कर सकेंगे सुरक्षित गंगा स्नान
- फोटो : अमर उजाला
टेंट सिटी में प्रवास करने वाले सैलानियों को सुरक्षित गंगा स्नान के लिए तैरती हुई जेटी में कुंड की सुविधा भी मिलेगी। पर्यटक गंगा नदी में बने कृत्रिम कुंड में डुबकी लगाकर आस्था के साथ सुरक्षित माहौल में भी रहेंगे। तंबुओं के शहर के साथ फ्लोटिंग बाथ जेटी बनाई जा रही है, जिसे 15 जनवरी से पहले तैयार कर लिया जाएगा। इस कुंड के पास ही चेंजिंग रूम भी बनाए जा रहे हैं।
टेंट सिटी में ठहरने वाले ऐसे पर्यटक, जिन्हें तैरना नहीं आता है, वे भी सुरक्षित गंगा स्नान कर सकेेंगे। सैलानियों के टेंट सिटी तक पहुंचने के लिए बनने वाली जेटी के एक हिस्से को तैरते हुए कुंड के रूप में विकसित किया जा रहा है। करीब 20 फीट लंबे और 20 फीट चौड़े कुंड में एक साथ 20 से 25 लोग सुरक्षित स्नान कर सकेंगे।
टेंट सिटी के एक क्लस्टर का निर्माण करा रही लल्लूजी एंड संस के प्रबंध निदेशक हिमांशु अग्रवाल ने बताया कि तीर्थाटन और गंगा स्नान करने वालों को सुरक्षित डुबकी लगाने के लिए फ्लोटिंग बाथ कुंड बनाया जा रहा है। दो कलस्टर में निर्माण कर रही टेंट सिटी प्रावेग कम्यूनिकेशंस (इंडिया) लिमिटेड की एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर प्रोलिना बराड़ा ने बताया की फ्लोटिंग बाथ कुंड हर उम्र के लोगों को देखते हुए पूरी तरह सुरक्षित होगा।
टेंट सिटी के अंदर का नजारा
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों उद्घाटन होने से पहले टेंट सिटी में सरकारी कर्मचारी एक दिन का ट्रायल करेेंगे। इसमें वे एक रात प्रवास कर वहां की कमियों पर रिपोर्ट देंगे, ताकि पर्यटकों को उन समस्याओं का सामना नहीं करना पड़े।