वाराणसी। जैतपुरा पुलिस ने संजय राम (22) की चाकू मार कर हत्या करने के मामले में शनिवार को पीर मोहम्मद को जेल भेज दिया गया। जैतपुरा पुलिस ने दावा है कि हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया है। इंस्पेक्टर जैतपुरा के मुताबिक पीर मोहम्मद ने पूछताछ में बताया कि शुक्रवार की रात दोनों ने गोलगड्डा स्थित ठेका के पास शराब पी रहे थे। तभी संजय ने उसकी पत्नी के लिए अपशब्द बोलने लगा। जिसपर दोनों में विवाद हो गया। हाथा पाई के दौरान पीर मोहम्मद ने चाकू से संजय पर वार कर दिया।
उधर, संजय के पिता बहादुर राम का कहना है कि इस हत्याकांड में रवि, पीर मोहम्मद समेत तीन अज्ञात लोग भी शामिल हैं। शुक्रवार की रात मंडुवाडीह रेलवे स्टेशन के पास रहने वाला संजय गोलगड्डा मालगोदाम रेलवे कालोनी के पास रहने वाले अपने दोस्त रवि से उधार दिया हुआ पांच सौ रुपये लेने गया था। रात में 8:30 बजे के करीब संजय की चाकू मार कर हत्या कर दी गई। स्थानीय लोगों ने इस मामले में मौके पर ही पीर मोहम्मद को पकड़ कर पुलिस को सूचित किया लेकिन जैतपुरा पुलिस के पहुंचने से पहले मौके पर आदमपुर थाने की फैंटम पहुंची और संजय को उठा कर कबीरचौरा अस्पताल ले गए। जानकारी मिलते ही संजय के ससुराल पक्ष के साथ उसके घर वाले भी अस्पताल पहुंच कर हंगामा करने लगे। मौके पर कोतवाली पुलिस के साथ आसपास के थानों की फ ोर्स भी मौके पर पहुंची और किसी प्रकार संजय के शव को निकाल कर बीएचयू मोर्चरी पहुंचा गया। इधर आधे घंटे बाद इंस्पेक्टर जैतपुरा घटना स्थल पर पहुंचे और वहां खड़ी पल्सर बाइक को कब्जे में लेने के साथ पीर मोहम्मद को हिरासत में ले लिया।
गोलगड्डा पर लगी रहती है अवांछनीय तत्वों और शराबियों की जमघट
गोलगड्डा तिराहे के पास सड़क के दोनों ओर आदमपुर और जैतपुरा पुलिस की पिकेट लगती है। इसके बावजूद भी गोलगड्डा तिराहे के पांच सौ मीटर के दायरे में सुबह से लेकर देर रात तक अवांछनीय तत्वों और शराबियों की जमघट लगी रहती है। संजय की हत्या के वक्त भी दोनों थाने के सिपाही ड्यूटी पर तैनात थे। लेकिन हत्या होने की भनक तक उन्हें नहीं लगी। उधर रात 12 बजे तक गोलगड्डा पर स्थित नमकीन और कोल्ड ड्रिंक की दुकानों पर शराब बेची जा रही थी।