वाराणसी। जेल के भोजनालय में मौजूद लोगों द्वारा सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न करने और मास्क न लगाने पर मंगलवार को डीएम ने नाराजगी जताई। जेल अधिकारियों को फटकारते हुए डीएम ने कहा कि मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग के प्रति किसी को भी लापरवाही कतई न बरतने दें। जिला जज उमेश चंद्र शर्मा, जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रभाकर चौधरी ने चौकाघाट स्थित जिला जेल का औचक निरीक्षण किया। जेल चिकित्सालय, बैरक संख्या एक, दो व पांच, भोजनालय और महिला बैरेक के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली गई। जेल चिकित्सालय में 31 मरीज भर्ती मिले। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कैदियों से इलाज आदि के बारे में पूछताछ की। बैरक के बंदियों ने जिला जज से अपनी-अपनी समस्यायें बतायीं। जेल के भोजनालय में मीनू की जानकारी लेकर अधिकारियों ने पके हुए भोजन की गुणवता देखी। इस दौरान महिला बैरक का भी अधिकारियों ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान किसी प्रकार की आपत्तिजनक वस्तु जेल परिसर से बरामद नहीं हुई।