महाअष्टमी की रात हथुआ मार्केट में सजे दुर्गा पूजा पंडाल में स्थापित कलश के दर्शन के लिए हजारों की संख्या में लोग पहुंचेे।
शारदीय नवरात्र महोत्सव की झांकियों की मनोरम छटा निहारने के लिए भक्तों का कारवां रविवार की रात सड़कांे पर निकला तो रोशनी की चकाचौंध और सजावट के बीच दिन-रात के फर्क मिट गए। आस्था का प्रवाह चल पड़ा। न सड़कों पर जगह बची न गलियों में। पंडालों तक पहुंचने के लिए धक्कामुक्की की नौबत के बावजूद श्रद्धालुओं का कारवां एक लय में, एक प्रवाह में एक पंडाल से दूसरे पंडाल के लिए बढ़ता रहा। जयकारों की गूंज के बीच मां की नयनाभिराम झांकियों के दर्शन के लिए जैसे समूची काशी उमड़ आई हो।
सनातन धर्म, हथुआ मार्केट, मनसा राम फाटक और बाग बरियार सिंह के पंडालों की झांकियां देखने के लिए गोदौलिया से लहुराबीर तक की सड़क भीड़ से पैक रही। झांकियों के दर्शन के लिए पैदल तो हुजूम रात भर सड़कों पर चला ही, बाइक सवारों का भी दबाव बना रहा। रात करीब आठ बजे आधा घंटे की हल्की बारिश के दौरान भी भक्तों का उत्साह फीका नहीं पड़ा। हथुआ मार्केट के भव्य पंडाल में कमल पुष्प पर जगदंबा के अवतरण की झांकी देखने के लिए घर-घर से लोग निकले। बैरिकेडिंग के बीच चार रास्तों से दर्शनार्थियों को वहां प्रवेश कराया जा रहा है। करीब एक मिनट के शो के दौरान कतारबद्ध भक्तों को रोके जाने से सड़कों तक भीड़ ठसाठस भर जा रही है।मनसा राम फाटक के दुर्गोत्सव में एक लाख रंग-बिरंगी कटोरियों की सजावट देखने के लिए बच्चों-महिलाओं का कारवां शाम से ही उमड़ने लगा। गीता मंदिर गेट पर वन देवी की नयनाभिराम झांकी देखने के लिए लाइन लगी रही। सोनारपुरा में सीएम एंग्लो बंगाली प्राइमरी स्कूल के दुर्गोत्सव सम्मिलिनी के पंडाल में भी जबरदस्त भीड़ रही।
कूंच बिहार स्टेट, तरुण प्रभात संघ, शिवा बाल स्पोर्टिंग क्लब, जिम स्पोर्टिंग क्लब में शंख ध्वनि, उलूक ध्वनि के साथ ढाक पर देवी की स्तुति का आकर्षण लोगों को लुभा रहा है। जंगमबाड़ी के ईगल क्लब में राजमहल में देवी दरबार की छटा निहारने के लिए भक्त आतुर नजर आए। जगतगंज में विजेता स्पोर्टिंग क्लब के पंडाल में सर्जिकल स्ट्राइक की झांकी के बीच महिषासुर वध देखने के लिए जन सैलाब उमड़ पड़ा।मछोदरी में चांदी की देवी प्रतिमा तो एसबी स्पोर्टिंग सुड़िया में वैष्णो देवी की गुफा आकर्षण का केंद्र बनी है।
बागेश्वरी देवी दुर्गा पूजा समिति के पंडाल की भूल-भुलैया में सैकड़ों भक्त भटकते रहे। यहां गुफा के रास्ते से सोला और पटसन से बनी देवी प्रतिमा की झांकी निहाकर लोग धन्य हो रहे हैं। पांडेयपुर के लायंस सोसाइटी के पंडाल के अलावा सारनाथ, पहड़िया के पंडालों में खचाखच भीड़ उमड़ी। अर्दलीबाजार, शिवपुर में भक्तों का कारवां निकला। लंका क्षेत्र के पूजा पंडालों में स्थापित प्रतिमाओं के दर्शन के लिऐ भक्तों की श्रद्धा देखते बनी। गलियों में हर तरफ देवी गीतों के स्वर गूंजते रहे। ककरमत्ता के महादेव स्पोंटिग क्लब, न्यू स्पोर्टिंग क्लब में महिषासुर मर्दिनी की झांकी की छठा देखते बन रही थी।