अगले महीने चार मार्च को होली का त्योहार है। इसके लिए घर आने के लिए लोगों ने ट्रेनों में रिजर्वेशन कराना शुरू कर दिया है। चिंता की बात यह है कि दिल्ली, मुंबई, पुणे से आने वाली अधिकांश ट्रेनों में फरवरी के अंतिम सप्ताह से लेकर मार्च के पहले सप्ताह तक किसी भी श्रेणी में कंफर्म सीट ही नहीं बची है। कुछ ट्रेनों में तो एकदम जगह ही नहीं है। ऐसे में त्योहार पर घर आने की राह कठिन लगती है।
इस बार होली 4 मार्च को है, ऐसे में बहुत से लोग फरवरी के अंतिम सप्ताह में ही घर आ जाएंगे। स्थिति यह है कि दिल्ली से आने वाली शिवगंगा एक्सप्रेस, स्वतंत्रता सेनानी, लिच्छवी, श्रमजीवी एक्सप्रेस सहित कई ऐसी ट्रेनें हैं, जिसके स्लीपर कोच में 25 फरवरी से 4 मार्च तक एकदम जगह ही नहीं है। वर्तमान स्टेटस रिग्रेट दिख रहा है। लोकमान्य तिलक से वाराणसी होकर गोरखपुर जाने वाली गोरखपुर एक्सप्रेस में 25 फरवरी से 5 मार्च तक स्लीपर में कोई जगह नहीं है। इसके अलावा महानगरी, एलटीटी बनारस एक्सप्रेस, एलटीटी जयनगर एक्सप्रेस, कामायनी की वेटिंग लिस्ट बहुत लंबी हो गई है। पुणे से आने वाली दरभंगा एक्सप्रेस, पुणे एक्सप्रेस की वेटिंग लिस्ट बहुत लंबी हो गई है।