जिला प्रशासन की पहल सुबह-ए-बनारस के अंतर्गत आयोजित घाट संध्या कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के रायपुर की युवा कथक नृत्यांगना इशिका गिरी ने मनमोहक प्रस्तुति दी। उन्होंने सरस्वती वंदना से शुरुआत की, फिर काली कवच की प्रभावशाली प्रस्तुति और कथक के माध्यम से सृष्टि रचना का भावपूर्ण चित्रण किया। रायगढ़ घराने की शैली में तोड़े, टुकड़े, तिहाई और परण की प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पद, लय, ताल और घुंघरुओं की झंकार से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। अंत में देवेंद्र गोस्वामी व प्रवीणा गोस्वामी ने इशिका गिरी को प्रमाण-पत्र प्रदान किया। संयोजन डॉ. रत्नेश वर्मा तथा संचालन सीमा केशरी ने किया।