वाराणसी। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मैचों में जिले में रोजाना करोड़ों का सट्टा लगाया जा रहा है। पुलिस भी रोजाना सुरागकशी कर ऐसे लोगों को पकड़ने का प्रयास कर रही है। हालांकि अब तक सटोरिये पुलिस पर भारी पड़ते ही दिखे हैं। सोमवार को लंका थाने की पुलिस ने सर्विलांस की मदद से आईपीएल में सट्टा लगवाने के आरोप में तीन लोगों को छह लाख 23 हजार रुपये और छह मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया।
लंका थाने के प्रभारी निरीक्षक महेश पांडेय ने सोमवार की रात बताया कि सूचना मिली थी कि भगवानपुर में कुछ लोग आईपीएल के मैचों पर सट्टा लगवा रहे हैं। सर्विलांस की मदद से सुरागकशी कर थाने की पुलिस टीम ने छापा मारा। मौके से रामनगर निवासी दिवाकर अग्रवाल और भगवानपुर निवासी अभय सिंह व सिद्धार्थ मिश्रा को गिरफ्तार किया गया है। तीनों से पूछताछ में मिली जानकारी के साथ ही उनके पास से मिले मोबाइल और कागजात की मदद से इस गिरोह में शामिल अन्य लोगों को चिह्नित कर गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। इसके साथ ही सभी चौकी प्रभारियों और बीट आरक्षियों को कहा गया है कि वह अपने क्षेत्र में पता लगाते रहें कि आईपीएल के मैचों पर कहां सट्टा लगाया जा रहा है और तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित कराएं।